सोमवार रात दो बजे की घटना, गांव में मची अफरा-तफरी
आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं, मशक्कत के बाद पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुर (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के समीप करजां गांव में सोमवार रात काष्ठकुणी शैली से बने मकान में आग लग गई। पलभर में नौ कमरों का ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आधी रात लगी आग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब दो बजे करजां गांव के एक मकान में आग लग गई। घटना के समय परिवार के सदस्य मकान में सोए हुए थे। मकान अमर चंद और हरि चंद पुत्र श्याम और गोपाल कृष्ण और सूर्या प्रकाश पुत्र प्यारे राम का संयुक्त था।
देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से उठती लफ्टाें को देखकर लोग घटनास्थल की ओर आग पर काबू पाने के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को भी सूचित किया। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। आग से साथ लगते मकानों को बचाया गया। अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया होता तो नुकसान और भी बढ़ जाता। हालांकि आग की घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं है।
अग्निशमन विभाग मनाली के अधिकारी एसपी विष्ट ने कहा कि दो बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए टीम मौके पर डटी रही। सुबह करीब 7:00 बजे के बाद ही टीम मौके से वापस आई। दमकल विभाग ने ग्रामीणों की सहायता से एक करोड़ की संपत्ति को जलने से बचाया है। उन्हाेंने कहा कि आग की इस घटना में करीब 20 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
-मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ भी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने अग्नि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों के नुकसान की जल्द भरपाई की जाए।
-आशा देवी, प्रधान, करजां पंचायत