मनाली (कुल्लू)। मनु ऋषि के गांव ओल्ड मनाली में 11 दिन चलने वाला फागली उत्सव धूमधाम के साथ संपन्न हो गया। बुधवार को गढ़ में देव परंपरा का निर्वहन करने के बाद ग्रामीणों ने मनु ऋषि और माता हिडिंबा का आशीर्वाद लिया और सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद अब अन्य गांवों में अलग-अलग तिथि के अनुसार फागली उत्सव का आयोजन किया जाएगा। फागली उत्सव संपन्न होते ही इलाके में कृषि कार्यों पर लगा देव प्रतिबंध भी हट गया है। ओल्ड मनाली में 11 दिन तक फागली उत्सव मनाने की परंपरा है। इस वर्ष उत्सव के दौरान बर्फबारी का दौर रहा। बर्फ के फाहों के बीच देव परंपरा का निर्वहन किया गया। बुधवार को गढ़ में देव परंपरा का निर्वहन हुआ। ग्रामीणों ने सीटियां बजाकर टुंडिया राक्षस को भगाया। टुंडिया राक्षस के गांव से भागते ही उत्सव का समापन हो गया। इसके बाद माता हिडिंबा और मनु ऋषि के भंडार के प्रांगण में भी देव परंपरा का निर्वहन हुआ। माता हिडिंबा और मनु ऋषि के कारदार रघु नेगी ने बताया कि उत्सव के दौरान गांव में लगातार पूजा-पाठ का क्रम चल रहा है। मनु ऋषि के प्रांगण में देव कार्यक्रम संपन्न हुए।देवी-देवताओं ने ग्रामीणों को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया।