काज़ा में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ।-संवाद
केलांग (लाहौल-स्पीति)। छेरिंग डोलमा की स्पीति पंचायत समिति (बीडीसी) अध्यक्ष पद पर ताजपोशी हुई है, जबकि महेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार को उपमंडलाधिकारी कार्यालय काजा के सभागार में पंचायत समिति के नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम काजा दीक्षित राणा ने पंचायत समिति के 13 नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। एसडीएम ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को कहा कि वह अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
वहीं, खंड विकास अधिकारी अंशुल शांडिल ने पंचायत समिति सदस्यों से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान पंचायत समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से कांग्रेस समर्थित छेरिंग डोलमा को पंचायत समिति अध्यक्ष तथा कांग्रेस के ही महेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष चुना।