कुल्लू। कुल्लू की गड़सा घाटी के ठेला के पास यूपी के कामगार की हत्या के आरोपी की तलाश के लिए कुल्लू पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
रविवार को कुल्लू से आरोपी को ढूंढने के लिए 30 अतिरिक्त जवान भेजे गए, जो गड़सा घाटी के साथ मणिकर्ण घाटी में आरोपी की तलाश में जुटे हैं।
हालांकि तीसरे दिन भी आरोपी का कोई सुराग नहीं पाया है। अपने दो बच्चों के साथ वारदात को अंजाम देने के बाद फरार नेपाली घाटी और जिला से बाहर भाग न पाए, इसके लिए पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि हत्या करने के बाद आरोपी गड़सा या फिर मणिकर्ण घाटी में ही है। हालांकि पुलिस ने पूरे प्रदेश के थानों, चौकियों और नाकों को पहले ही अलर्ट कर दिया है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि आरोपी घाटी से बाहर न जा पाए, इसके लिए पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर 30 अतिरिक्त जवानों को मणिकर्ण और गड़सा घाटी में तलाशी में लगाया है। उन्होंने कहा कि कानून के लंबे हाथों से हत्या का आरोपी बचकर नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी को उसके अंजाम तक पहुंचाएगी।