कुल्लू। जिला कुल्लू खो-खो संघ की ओर से सीनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए जिले की पुरुष एवं महिला टीमों का चयन 5 नवंबर को किया जाएगा। इसके लिए सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाशिंग के खेल मैदान में सुबह 10 बजे ट्रायल आयोजित होंगे। जिला खो-खो संघ की अध्यक्ष कमलेश गुप्ता और सचिव राकेश कुमार ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पुरुष और महिला टीमों का चयन ट्रायल के माध्यम से किया जाएगा।
चयनित टीमें 13 नवंबर को बिलासपुर के लिए रवाना होंगी। बिलासपुर जिले के जुखाला में 14 और 15 नवंबर को सीनियर राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। राकेश कुमार ने खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर ट्रायल में पहुंचने की अपील की है। ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपने साथ आधार कार्ड, 100 रुपये पंजीकरण शुल्क और खेल वेशभूषा लानी होगी। इस मौके पर संघ के उपाध्यक्ष पितांबर राणा, देव चंद, सहसचिव विजय कुमार, सुरेंद्र कुमार और राजेश कुमार उपस्थित रहे। संवाद