लोगों काे कुल्लू-आनी, कुल्लू आनी वाया शुश रूट पर कुछ दिन बाद मिलेगी बस सेवा
ट्रायल पर गई कुल्लू-बंजार-आनी-बागासराहन रूट की बस बिना परेशानी टॉप पर पहुंची
बाह्य सराज की 69 पंचायतों को मिली राहत, जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना हुआ आसान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। फरवरी और मार्च में हुई बर्फबारी के कारण बंद पड़ा जलोड़ी दर्रा बसों की आवाजाही के लिए खुल गया है। शुक्रवार को एचआरटीसी के कुल्लू डिपो ने दर्रा से होकर बस का ट्रायल किया। कुल्लू-बंजार-आनी-बागासराहन रूट की बस बिना किसी मुश्किल टॉप पर पहुंची।
शनिवार से कुल्लू-दलाश, कुल्लू-बागीपुल, कुल्लू रामपुर और कुल्लू-बागासराहन की बसों का नियमित संचालन होगा। एचआरटीसी की छह बसें चलेंगी।
डेढ़ माह बाद बस चलने से बाह्य सराज की 69 पंचायतों को राहत मिली है। औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर बसों को संचालन होने से लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचना आसान हो गया है। बंजार के जिभी, घियागी और सोझा से कई सैलानी इन बसों से सैर-सपाटा करने के लिए जलोड़ी दर्रा, रघुपुरगढ़ और सरयोलसर पहुंचते हैं।
निगम की पहली बस कुल्लू से सुबह 5:30 बजे रामपुर और बागासराहन के लिए दौड़ेगी। इसके बाद रामपुर डिपो की बस सुबह 7:45 बजे कुल्लू-बंजार-आनी-रामपुर को चलेगी और सुबह 9:50 बजे कुल्लू-आनी-दलाश बस का संचालन होगा। इस दौरान सुबह 6:30 बजे कुल्लू से बागीपुल को निजी बस भी चलेगी। हालांकि, जलोड़ी दर्रा से होकर कुल्लू डिपो के दो और रूट चलते हैं, मगर निगम की कुल्लू-आनी रूट पर दोपहर 2:00 बजे और कुल्लू-आनी वाया शुश रूट पर बस सुबह 10:30 का अभी संचालन नहीं होगा। बताया जा रहा है कि शुश मार्ग अभी बसों के लिए बहाल नहीं हुआ है। बाह्य सराज वासी एवं पंचायत प्रधान संतोष कुमार, लीला प्रसाद, कर्म सिंह ठाकुर तथा जगदीश ठाकुर ने कहा कि जलोड़ी दर्रा से बसों का संचालन होने से आनी-निरमंड के साथ स्पीति, किन्नौर, शिमला व मंडी जिला के हजारों लोगों का सुविधा होगी। एचआरटीसी बंजार के अड्डा प्रभारी इंद्र सिंह ने कहा कि बस का ट्रायल सफल रहा है। वह खुद जलोड़ी दर्रा तक निरीक्षण करने गए थेे। बस बिना किसी रुकावट के दर्रा पर पहुंची। शनिवार से सुबह के समय सभी रूट चलेंगे। एचआरटीसी आनी के प्रभारी तरसेम ठाकुर ने कहा कि ट्रायल सफल होने के बाद रामपुर डिपो की बस को भी कुल्लू के लिए भेजा है।