कुल्लू। कुल्लू जिले में अंधड़ चलने से कुछ देर के लिए जनजीवन ठहर गया। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर पड़े और टहनियां गिर गई, जिससे भारी नुकसान हुआ।
जिले के निचले क्षेत्रों में भी अंधड़ ने तबाही मचाई। कारोबारी, हेमंत ठाकुर, सागर चंद व सुरेश कुमार ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद होने से कामकाज ठप हुआ। अंधड़ से जगह-जगह पर बिजली के तार टूट गए। इससे शहरी क्षेत्रों में तीन घंटे तक अंधेरा पसरा रहा, जबकि कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। सरकारी कार्यालय समेत रेहड़ी-फड़ी की छत को नुकसान पहुंचा और तिरपालें भी हवा में उड़ गई। दस मिनट के अंधड़ में मिट्टी हवा में उड़ती रही, जबकि सड़कों पर यातायात कुछ देर के लिए थम गया।
कुल्लू शहर समेत संपूर्ण जिले में सोमवार शाम के समय अचानक तेज हवाएं चली, जिससे शहरवासी भी सहम गए। ऊझी घाटी के हलाण-दो में कार पर बड़ा विशालकाय पेड़ टूटकर गिर गया, जबकि कुल्लू में कार और स्कूटी पर पेड़ की टहनी गिरी। उपायुक्त कार्यालय की छत पर पेड़ की टहनी गिरी। कुल्लू के अस्पताल मार्ग पर सड़क किनारे सजी रेहड़ी-फड़ी की छतें भी अंधड़ से उड़ गई और तिरपाल भी दूर जाकर पहुंची। हालांकि अंधड़ से कोई जानमाल की सूचना नहीं हैं। कुल्लू शहर में अंधड़ रुकने के बाद बिजली बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी बिजली बहाली के लिए फिल्ड में उतरे। तारों को दुरुस्त करने में काफी समय लगा। तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बिजली बोर्ड ने आपूर्ति को बहाल किया। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने बताया कि अंधड़ से काफी नुकसान हुआ है। इसकी रिपोर्ट बनाने के आदेश विभागों को दिए हैं।