शहर में तीन दिन से यातायात जाम की समस्या से परेशान हो रहे लोग
दिवाली की छुट्टियां होने के कारण खरीदारी करने के लिए जुट रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय में तीन दिन से लोग जाम की समस्या से परेशान हो रहे हैं। दिवाली की खरीदारी के बीच जाम लोगों को परेशान कर रहा है। गत 19 अक्तूबर से जिला मुख्यालय में लोगों की भीड़ बढ़ी है।
छुट्टियां होने के कारण खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। गत दो दिन की तरह ही बुधवार को भी बाजार में लोगों की काफी अधिक भीड़ देखने को मिली। जिले की मुख्य सड़क (एमडीआर) कुल्लू-भुंतर रामशिला से गांधीनगर तक करीब चार किलोमीटर में वाहन दोपहर 12:30 बजे से शाम 07:00 बजे तक वाहन रेंगते रहे।
जाम के कारण लोगों को अखाड़ा बाजार, सरवरी, ढालपुर और गांधीनगर क्षेत्र में अधिक दिक्कतों को सामना करना पड़ा। क्षेत्रीय अस्पताल और सर्कुलर सड़क में भी लोग काफी परेशान हुए। शहर के हर चौक पर पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे जिन्हें यातायात को व्यवस्था को सुचारू करने में मशक्कत करनी पड़ी। बता दें कि लोग खरीदारी के लिए ढालपुर में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा से 32 दिनों के लिए सजी अस्थायी मार्केट में हजारों की संख्या में जुट रहे हैं। खरीदारी के लिए निजी वाहनों में लोगाें के आने से शहर में जाम की स्थिति बन रही है।