सड़क में लग रहीं वाहनों की लंबी कतारें, रेंग-रेंगकर चल रहीं गाड़ियां
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पर्यटन सीजन के बीच लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिलता नजर नहीं आ रहा है। वीकेंड समाप्त होने के बाद सोमवार को मणिकर्ण घाटी और बंजार में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) 305 में जाम जैसी स्थिति बनी रही।
मणिकर्ण घाटी में सूमा रोपा से लेकर कसोल तक वाहन रेंगते नजर आए। मणिकर्ण सड़क में तीन से चार जगह पर अकसर जाम लग रहा है। जाम के चलते स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मणिकर्ण घाटी के निवासी एवं पूर्व भाजपा कुल्लू मंडल अध्यक्ष ठाकुर चंद ने कहा कि जिन स्थानों पर तंग सड़क होने के कारण जाम लग रहा है। भुंतर-मणिकर्ण सड़क को चौड़ा किया जाए। सड़क को चौड़ा करने से इस तरह की परेशानी लोगों को नहीं आएगी। दूसरी ओर, बंजार में भी जाम की स्थिति रही। वाहनों की रफ्तार जाम के चलते धीमी रही।
गौर रहे कि पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव बढ़ने से इस तरह की स्थिति बन रही है। पुलिस की ओर से ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह जवान भी तैनात किए गए हैं।