सरवरी से जिला मुख्यालय ढालपुर पहुंचने के लिए दो से तीन मिनट के सफर में लगा आधा घंटा
दिवाली की खरीदारी को शहर में रही भीड़, सुबह से शाम तक बनी रही जाम की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में दो दिन तक लोग जाम की समस्या से परेशान होते रहे। दिवाली के लिए सोमवार को बाजार में खरीदाराें की भीड़ उमड़ी। वहीं, मंगलवार को भी बाजार में लोगों की काफी अधिक भीड़ देखने को मिली। लोग दिवाली और इसके बाद खरीदारी के करने के लिए अपने वाहनों में जिला मुख्यालय पहुंचे। इससे जिले की मुख्य सड़क (एमडीआर) कुल्लू-भुंतर रामशिला से गांधीनगर तक करीब चार किलोमीटर तक जाम रही। विगत सोमवार और मंगलवा को दोनों दिन शहर में वाहन रेंगते रहे।
अंतरराज्यीय बस अड्डा कुल्लू (सरवरी) से जिला मुख्यालय ढालपुर पहुंचने के लिए दो से तीन मिनट के सफर को वाहनों में 25 से 30 मिनट लगते रहे। इसके अलावा अखाड़ा बाजार सरवरी, ढालपुर और गांधीनगर क्षेत्र में भी लोगों को जाम के कारण काफी दिक्कतों को सामना करना पड़ा। वहीं, क्षेत्रीय अस्पताल और सर्कुलर सड़क में भी लोग काफी परेशान हुए। यहां दो दिन से जाम की समस्या पैदा हो रही है। हालांकि, कुछ स्थानों में पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे। जिन्हें यातायात को व्यवस्था को सुचारु करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। गौरतलब है कि दिवाली के दिन से लोग खरीदारी के लिए ढालपुर में अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा से 32 दिनों के लिए सजी अस्थायी मार्केट में काफी संख्या में जुटे। खरीदारी के लिए निजी वाहनों में लोगाें के आने से शहर में जाम की स्थिति बनी रही।