जिभी के पास हाईवे-305 पर लगा जाम। संवाद
कुल्लू। तंग सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बेतरतीब वाहन पार्किंग पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। रविवार को हाईवे-305 पर जिभी तथा भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर जछनी के पास लंबा जाम लग गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जिभी के पास पर्यटकों की ओर से सड़क के किनारे वाहन खड़े करने के कारण यातायात बाधित हो गया। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे जाम लगने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। बाद में हरियाणा नंबर की एक गाड़ी के चालक का पता लगाकर वाहन को हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।
वहीं, भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर भी लोगों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सड़क संकरी होने के कारण कई स्थानों पर यातायात एकतरफा होकर रह जाता है। दोनों दिशाओं से भारी वाहनों की आवाजाही के चलते सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने बताया कि मणिकर्ण मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।