सैंज के सिंयूड समीप पहाड़ी से गिररहा मलबा मार्ग बंद।-संवाद
कुल्लू। जिले में बारिश के कारण शुक्रवार सुबह हाईवे-305 पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ। इससे मार्ग अवरुद्ध रहा लेकिन एनएचएआई ने उसे बहाल कर दिया। तीर्थन घाटी को जोड़ने वाला बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मार्ग पर तीन से चार जगहों पर भूस्खलन हुआ है। इससे मार्ग बसों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। जिले में भूस्खलन और मलबा आने के कारण 51 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। इसमें सबसे अधिक 27 सड़कें बाह्य सराज आनी-निरमंड की हैं। बंजार की 17, कुल्लू की चार और मनाली विस क्षेत्र की तीन सड़कें शामिल हैं।
जिले में वीरवार रात से लेकर शुक्रवार तक बारिश का दौर जारी रहा। इससे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। खासकर ब्यास, पिन पार्वती, पार्वती नदी और तीर्थन नदी उफान पर हैं। इससे नदी के किनारे रहने वाले लोग सहम गए हैं। एचआरटीसी ने अपने चालकों-परिचालकों को बसों को जहां तक सड़क ठीक है, वहां तक चलाने के निर्देश दिए हैं। बस और सवारियों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखने को कहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 जुलाई तक बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने जिले के सभी एसडीएम को अलर्ट रहने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा है। उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि जिले में 51 सड़कें अवरुद्ध हैं। संबंधित विभागों को मूलभूत सुविधा को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश दिए है। एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग को पर्याप्त मशीनरी तैनात करने को कहा गया है। संवाद
सैंज के सिंयूड समीप पहाड़ी से गिररहा मलबा मार्ग बंद।-संवाद