कुल्लू में एडीएम को ज्ञापन सौपतें व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
कुल्लू। पीपल जातर के लिए ढालपुर मैदान में सजीं अस्थायी दुकानों को 15 मई तक हटाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल कुल्लू का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को अध्यक्ष मदन लाल सूद के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मेले की अवधि तय समय तक सीमित रखने की मांग की। मदन लाल सूद ने कहा कि मेले के शुभारंभ से पहले ही जिला प्रशासन से आग्रह किया गया था कि मेला संपन्न होने के बाद बाहरी व्यापारियों को केवल 15 दिन का समय दिया जाए। उन्होंने बताया कि उपायुक्त ने उस समय आश्वासन दिया था कि 15 मई तक ढालपुर मैदान से सभी अस्थायी दुकानें हटा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक मेले की दुकानें लगी रहने से स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर सीधा असर पड़ता है। उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। प्रशासन को तय समय सीमा का पालन सुनिश्चित करना चाहिए। अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा द्वारा निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि पीपल मेले की सभी अस्थायी दुकानें 15 मई सायं सात बजे तक हटा दी जाएंगी।