बरसात में सड़कों और गलियों में बहता है पानी
सीवरेज की योजना का कार्य धीमा होने से रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार में सीवरेज और निकास नालियों की उचित व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में पानी सड़कों और गलियों में बहता है। कई बार पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। हालांकि, क्षेत्र में सीवरेज योजना का कार्य आरंभ हो गया है लेकिन यह कार्य इतना धीमा चल रहा है कि इस हिसाब से योजना पूरा होने में कई वर्ष लग जाएंगे। सीवरेज और निकास नालियां नगर पंचायत चुनाव में मुद्दा बने हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में निकास नालियों की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में पानी कई जगह भूस्खलन का कारण भी बन जाता है। लोगों को उम्मीद है नए चुने वाले जनप्रतिनिधि समस्याओं को प्रमुखता से हल करेंगे।
लोगों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और नगर पंचायत के अधिकारियों से मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक धरातल पर लोगों की यह समस्या दूर नहीं हो पाई है।
नगर पंचायत क्षेत्र में निकास नालियों की उचित व्यवस्था नहीं है। इस कारण बरसात में अक्सर पानी जहां-तहां से बहता है और यह लोगों के घरों में घुस जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए नगर पंचायत बंजार और प्रशासन को काम करने की जरूरत है ताकि लोगों को इस समस्या से न जूझना पड़े। -राजेश ठाकुर, निवासी बंजार
बंजार को नगर पंचायत तो बना दिया गया लेकिन सुविधाएं उस हिसाब से नहीं बढ़ीं। इस दिशा में प्रशासन और नगर पंचायत को गंभीरता से काम करने की जरूरत है। -ज्ञान, निवासी बंजार