मनाली (कुल्लू)। एक तो चोरी ऊपर से सीनाजोरी...। मनाली में वीरवार को ऐसा ही मामला सामने आया। वाहन में ब्लैक स्क्रीन लगाने पर पुलिस ने स्क्रीन निकालनी चाही तो पर्यटक ऊंची पहुंच की धौंस जमाने लगे।
दिल्ली और हरियाणा नंबर की दोनों गाड़ियों में सवार पर्यटकों ने रामबाग चौक में खूब हंगामा किया। पुलिस ने दोनों वाहनों के 5,000-5,000 रुपये के चालान किए। वाहनों के शीशों में ब्लैक स्क्रीन लगाना यातायात नियमों की अवहेलना है। वीरवार को यातायात पुलिस के जवान ने रामबाग चौक में दो वाहनों को रोका। दोनों में ब्लैक स्क्रीन लगी हुई थी।
पुलिस कार्रवाई करने लगी तो पर्यटक उलझ गए। पर्यटकों ने ऊंची पहुंच की धौंस जमाकर किसी भी तरह की कार्रवाई न करने की चेतावनी दी। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों के 5,000-5,000 रुपये के चालान किए हैं। संवाद