कुल्लू। जिले में दो माह बाद साहसिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग, रिवर क्राॅसिंग, जिपलाइन आदि गतिविधियां शुरू होने से कुल्लू की वादियों में एक बार फिर बहार आ गई है। बरसात के दौरान 15 जुलाई से लेकर 15 सितंबर तक पर्यटन विभाग की ओर से साहसिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई थी।
साहसिक गतिविधियां शुरू होने से मंदी की मार से जूझ रहे पर्यटन कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली है। कुल्लू और मनाली के होटलों में इन दिनों बुकिंग नाममात्र है। अब देश-विदेश से सैलानी एक बार फिर कुल्लू-मनाली का रुख करेंगे। साहसिक गतिविधियां शुरू होने से पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलेगी। सोमवार को पर्यटकों ने ब्यास की लहरों पर रोमांच के सफर का आनंद लिया। राफ्टिंग प्वाइंट बबेली से पर्यटकों ने राफ्टिंग शुरू की, जो बाशिंग में जाकर समाप्त हुई। पहले दिन राफ्टिंग प्वाइंटों में हलचल सामान्य ही रही। पैराग्लाइडिंग साइटों में भी मानव परिंदों ने उड़ान भरी। पैराग्लाइडिंग और रिवर राफ्टिंग ऑपरेटरों ने भी दो दिन पहले ही तैयारी कर ली थी। दो माह के अवकाश पर भेजे स्टाफ को रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग ऑपरेटरों ने बुला लिया था। साहसिक गतिविधियों से जिले के सैकड़ों युवा जुड़े हैं।
रिवर राफ्टिंग के लिए गाइड के साथ अन्य युवाओं की भी आवश्यकता रहती है जो राफ्ट को नदी तक पहुंचाने और गाड़ी में लोडिंग और अनलोडिंग करते हैं। पैराग्लाइडिंग में पायलट के साथ अन्य युवाओं की जरूरत रहती है।
....
कुल्लू में साहसिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं, जिससे युवाओं का रोजगार जुड़ा हुआ है। साहसिक गतिविधियां शुरू होने से पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी।
-सुनयना शर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी
....
सीजन में बढ़ेंगी साहसिक गतिविधियां
चार नई पैराग्लाइडिंग साइटों को मंजूरी पर्यटन विभाग की ओर से दी गई है, जिसमें गड़सा की दो, दियार और बंजार की जिभी साइट शामिल हैं। इससे इस विंटर सीजन में साहसिक गतिविधियों में इजाफा होगा। पर्यटकों के पास पैराग्लाइडिंग साइटों के विकल्प उपलब्ध होंगे।