कुल्लू। जून में भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए देशभर के पर्यटक मनाली और लाहौल का रुख कर रहे हैं। कुल्लू जिले के हिल स्टेशनों में भी रौनक बढ़ गई है। हिल स्टेशनों में हर दिन सैलानियों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग रहा है। धार्मिक स्थल बिजली महादेव, सैंज घाटी के शांघड़, आउटर सराज की प्रसिद्ध झील सरयोलसर आदि जगहों में भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। जलोड़ी दर्रा, सोझा, हामटा, जाणा फाल, काईसधार, खीरगंगा आदि जगहों में भी पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ी है।
ऊंची चोटियों पर होने के चलते यहां पर पहुंचकर लोग ठंडी वादियों का लुत्फ उठा रहे हैं। भक्ति के साथ-साथ लोग घूमने का मजा भी ले रहे हैं। इसके साथ ही कुल्लू जिले से महिला मंडल के दल और अन्य लोग मंडी के शिकारी माता मंदिर, पराशर ऋषि झील, रिवालसर भी जा रहे हैं। मंडी जिले के लोग कुल्लू के इन हिल स्टेशनों में आ रहे हैं। बिजली महादेव में ऐतिहासिक शिवलिंग है, जहां पर सालभर श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगा रहता है। सावन के महीने में हजारों की संख्या में भक्त भोले बाबा के दर्शन के लिए आएंगे। यहां से पूरी घाटी का खूबसूरत नजारा दिखता है। शांघड़ में फैला हुआ हरा-भरा मैदान भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। हिल स्टेशनों में यह बहार अगस्त तक रहेगी।
सैंज घाटी के पर्यटन कारोबारी संजीव ने कहा कि सैंज में लगातार पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। शांघड़ सहित अन्य जगहों में चहल-पहल काफी बढ़ गई है।
नेगी हिमालयन एडवेंचर सर्च एंड रेस्क्यू के चीफ ऑफिसर छापे राम नेगी ने कहा कि गर्मी के चलते हिल स्टेशनों में रौनक बढ़ गई है। मलाणा जाने के लिए ट्रैकर संपर्क कर रहे हैं। संवाद