पर्यटन नगरी मनाली का पर्यटन सीजन देरी से शुरू होने के बावजूद अतिरिक्त पुलिस बल नहीं मिला है। इस
मनाली (कुल्लू)। मनाली में पर्यटन सीजन देरी से शुरू होने के बावजूद अतिरिक्त पुलिस बल नहीं मिला है। इस वजह से मनाली में यातायात नियंत्रित करना मुश्किल हो गया है। समर सीजन पीक पर आने से पहले ही मनाली की सड़कों पर जाम लग गया है।
मंगलवार को मनाली घूमने आए पर्यटक विभिन्न स्थलों की सड़कों पर जाम में फंस गए। घंटों तक जाम लगने के कारण पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे ही रहे तो पीक सीजन में वाहनों के पहिये थम जाएंगे। मनाली में समर सीजन इस बार देरी से शुरू हुआ है। वीकेंड में मनाली आने वाले पर्यटक वाहनों का आंकड़ा 2,000 के करीब पहुंच गया।
सोमवार और मंगलवार को यह आंकड़ा 1,600 से 1,700 रहा। इतने कम पर्यटक आने के बावजूद ट्रैफिक जाम लगना सरकार और प्रशासन की अव्यवस्था को दर्शाता है। अव्यवस्था ऐसी है कि मंगलवार को वशिष्ठ, ओल्ड मनाली और हिडिंबा मंदिर को जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। वशिष्ठ में इस वजह से रोजमर्रा के कार्य से बाजार आने वाले स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ओल्ड मनाली और हिडिंबा मंदिर की सड़क पर भी ऐसी ही स्थिति बनी रही।
हालत यह है कि यातायात नियंत्रण का जिम्मा होमगार्ड जवानों के हवाले है। हिमाचल पुलिस मुख्यालय से पर्यटन सीजन के लिए मांगी गई पुलिस की चार रिजर्व अभी तक नहीं मिली। इस संबंध में डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि मनाली में तीन-चार दिनों से पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है। इससे कई जगह पर जाम की स्थिति बन रही है।
मनाली पुलिस और होमगार्ड के जवान निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वाहनों को बारी-बारी छोड़ा जा रहा है ताकि ज्यादा देर पर्यटकों को परेशानी न हो। मुख्यालय से मांगी गई चार रिजर्व अभी तक नहीं मिली है।