मैदानी इलाकों में पड़ रही गर्मी के बाद मनाली के मॉल रोड़ पर चहलकदमी करते पर्यटक. संवाद
होटलों की ऑनलाइन बुकिंग में 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी
जून में अब यौवन पर आएगा मनाली का पर्यटन सीजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली का पर्यटन सीजन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। जून में पर्यटन सीजन के बूम पर आने की संभावना है। होटलों की ऑनलाइन बुकिंग में 30 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस सप्ताह मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी 50 फीसदी इजाफा हुआ है। इससे मंदी की मार झेल रहे पर्यटन कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर के बाद बने युद्ध जैसे हालात से मनाली का पर्यटन कारोबार ठप हो गया था। रेलवे और हवाई सेवाओं के बंद होने से कई पर्यटकों की बुकिंग रद्द हुई। युद्ध के भय के कारण भी पर्यटक मनाली का रुख नहीं कर पाए। अब हालात सामान्य होने के बाद मनाली में पर्यटन सीजन ने गति पकड़नी शुरू कर दी है। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार तीन दिन से मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। पिछले सप्ताह तक मनाली में बाहरी राज्य से 600 से 700 वाहन ही आ रहे थे, लेकिन इस सप्ताह यह संख्या 1300 से 1400 तक पहुंच गई है। वीकेंड पर इस संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। ऑनलाइन बुकिंग में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। होटलियर एसोसिएशन के निवर्तमान अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि मनाली का पर्यटन कारोबार पटरी पर लौटने लगा है। ऑनलाइन बुकिंग में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 25 मई के बाद पर्यटकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। जून में सीजन बूम पर आएगा।
उम्मीद है कि इस बार पिछले साल की अपेक्षा अधिक पर्यटक मनाली का रुख कर सकते हैं। पर्यटन विकास निगम के उप महाप्रबंधक बीएस ओकटा ने बताया कि बुकिंग बढ़ रही है। ऑक्यूपेंसी भी 30- 40 प्रतिशत से बढ़कर 50 से 60 प्रतिशत पहुंच गई है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।