बर्फ के बीच की मस्ती, लगा लंबा जाम
बर्फबारी के बाद पर्यटन नगरी गुलजार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलंगनाला (कुल्लू)। पर्यटन नगरी बर्फबारी के बाद पर्यटकों से गुलजार हो गई है। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है
। नेहरुकुंड और सोलंगनाला आजकल पर्यटकों के स्नो पॉइंट बन गए हैं। इसके अलावा बाहंग में भी पर्यटकों का मेला लग रहा है। पर्यटक शीतकालीन खेलों का लुत्फ उठा रहे हैं।
मौसम साफ रहने पर शुक्रवार को साधारण वाहन नेहरुकुंड तक भेजे गए। वाहन ज्यादा होने और पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जाम की स्थिति बनी रही। ऐसे में पर्यटकों ने नेहरुकुंड और बाहंग में ही बर्फ का लुत्फ लिया। हालांकि, कई पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में सोलंगनाला तक पहुंचे। वहां पर पर्यटकों ने पैराग्लाइडिंग और अन्य शीतकालीन खेलों का आनंद लिया। मनाली से सोलंगनाला तक सड़क पर वाहनों का जमावड़ा लगने से जाम की स्थिति पूरा दिन बनी रही। ग्राम पंचायत शनाग प्रधान रोशन लाल ने बताया कि पर्यटक अच्छी संख्या में आ रहे हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों को अच्छा रोजगार मिल रहा है। उन्होंने कारोबारियों से पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब नेहरुकुंड में गाड़ियां रोकी जाएं तो गाड़ियों की पार्किंग उचित जगह पर ही की जाए। इससे स्थानीय लोग और आपातकालीन स्थिति में आने-जाने वाले लोगों को कोई दिक्कत नहीं आएगी। उधर, डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने यातायात नियंत्रण के बेहतर प्रबंध किए हैं। वाहन चालकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें।