कुल्लू। पर्यटन कारोबारी मौसम की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। सोलंगनाला सहित जिले के कई स्नो प्वाइंट बर्फ के बिना सूने पड़े हैं। ऐसे में कुल्लू-मनाली आने वाले सैलानी सैर-सपाटे के लिए लाहौल की वादियों में पहुंच रहे हैं। पर्यटक बर्फ के दीदार के लिए सिस्सू पहुंच रहे हैं और यहां पर स्कीइंग, रिवर क्राॅसिंग, जिप लाइन सहित कई साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। जबकि कुल्लू के जिला मुख्यालय ढालपुर के साथ सटी पहाड़ी पीज से पैराग्लाइडिंग के लिए उड़ान भर रहे हैं। वहीं ऊझी घाटी की डोभी में भी पैराग्लाइडिंग की खूब रौनक है। ब्यास की धारा में रिवर राफ्टिंग का भी सैलानी लुत्फ उठा रहे है। मौसम की बेरुखी के कारण पर्यटकों की संख्या में भारी कमी आई है। सभी को बर्फबारी का इंतजार का है। किसान-बागवानों के साथ पर्यटन कारोबारी आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए हैं। सोझा टूरिज्म डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रकाश का कहना है कि बंजार के सोझा, जिभी और तीर्थन घाटी में भी पर्यटन कारोबार में कमी आई है। कहा कि सोझा, जलोड़ी दर्रा और रघुपुरगढ़ में बर्फबारी न होने से सन्नाटा पसरा है।