शिंकुला दर्रा में उमड़े सैकड़ों सैलानी, ताजा बर्फबारी का लिया आनंद
बर्फबारी के बीच पर्यटकों ने लिया स्थानीय व्यंजनों का भी स्वाद
अशोक राणा
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लंबे इंतजार के बाद पर्यटकों को लाइव बर्फबारी देखने का मौका मिला। दारचा से करीब 20 किलोमीटर आगे शिंकुला दर्रा की ओर स्थित दारचा-सुमदो और जांस्कर-समदो क्षेत्र में रविवार को सैलानियों ने ताजा बर्फबारी का लुत्फ उठाया।
बर्फबारी के चलते पर्यटक वाहन शिंकुला टॉप तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में शिंकुला टॉप से लगभग 15 किलोमीटर नीचे जांस्कर-समदो में पर्यटक रुक गए और वहीं लाइव बर्फबारी का आनंद लिया। पिछले कुछ दिनों से शिंकुला टॉप और इसके आसपास का क्षेत्र नए पर्यटन स्थल के रूप में तेजी से उभर रहा है। रविवार को करीब 300 फोर बाई फोर पर्यटक वाहन जांस्कर-समदो तक पहुंचे।
स्थानीय पर्यटन कारोबारी सोम बौद्ध, तंजिन कटोच, राजेंद्र, कुंगा, मंगल और दोरजे ने बताया कि दिसंबर में पहली बार इतनी संख्या में पर्यटक शिंकुला और जांस्कर-समदो पहुंच रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबार को अच्छा बढ़ावा मिला है। उन्होंने बताया कि होटल, होम स्टे, टैक्सी, हैंडलूम और फूड वैन से जुड़े लोगों की अच्छी आमदनी हो रही है। स्थानीय महिलाएं पर्यटकों को पारंपरिक व्यंजन परोस रही हैं। जिला परिषद सदस्य कुंगा बौद्ध ने बताया कि बर्फबारी के बावजूद लाहौल-स्पीति प्रशासन ने फोर बाई फोर वाहनों को शिंकुला टॉप की ओर जाने की अनुमति देकर पर्यटन को प्रोत्साहन दिया है। उन्होंने उपायुक्त किरण भड़ाना और एसपी शिवानी मेहला का आभार जताया है।
शौचालय की कमी बनी समस्या
जांस्कर-समदो और शिंकुला क्षेत्र में शौचालय की सुविधा न होने से पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना सैकड़ों पर्यटक वहां पहुंच रहे हैं लेकिन शौचालय की कमी के कारण विशेषकर महिला पर्यटकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।