मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में प्राकृतिक आपदा के बाद वीकेंड और दिवाली पर्व पर अन्य दिनों की अपेक्षा पर्यटकों की संख्या अधिक दर्ज की गई। पिछले दो दिनों में मनाली में अन्य दिनों की अपेक्षा दोगुना पर्यटक बढ़े। अब विंटर सीजन में कारोबारियों को उम्मीद है। विंटर के लिए एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है।
जुलाई से मनाली का पर्यटन कारोबार मंदा चल रहा है। दुर्गा पूजा सीजन के दौरान गुजरात से आने वाले पर्यटकों की संख्या न के बराबर रही। अब पश्चिम-बंगाल के पर्यटकों से कुछ रौनक बढ़ रही है। दिवाली और वीकेंड एक साथ होने से दो दिनों में मनाली आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हुई।
ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों के अनुसार नौ नवंबर को 150, 10 को 164 वाहन बाहरी राज्य के पर्यटकों के आए थे। 11 नवंबर को यह आंकड़ा 310 और 12 को 320 के करीब पहुंच गया।
होटलियर एसोसिएशन के चीफ पैटर्न एवं फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर, होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर का कहना है कि दिवाली पर मनाली में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक पर्यटक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि विंटर सीजन को लेकर भी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। होटलियरों ने एडवांस बुकिंग शुरू कर दी है। बर्फबारी समय पर हुई तो इस बार विंटर सीजन अच्छा चलने की संभावना है। संवाद