कुल्लू के डोभी में पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठा रहे पर्यटक।-संवाद
कुल्लू। पहाड़ों की खूबसूरती और ब्यास की लहरों का रोमांच सैलानियों को कुल्लू-मनाली खींच ला रहा है। तीन दिन की छुट्टियों के चलते घाटी में पर्यटकों की भीड़ बढ़ गई है। वादियों को निहारने के साथ सैलानी आसमान में पैराग्लाइडिंग और ब्यास की लहरों में राफ्टिंग का रोमांच ले रहे हैं। इससे पर्यटन कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है।
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पर्यटक कुल्लू घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को कैमरे में कैद कर रहे हैं। पैराग्लाइडिंग के दौरान आसमान से पहाड़, हरियाली और ब्यास नदी का नजारा उन्हें खूब भा रहा है। वहीं, ब्यास के तेज बहाव और लहरों के बीच राफ्टिंग का रोमांच लेने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह है। घुड़सवारी और अन्य एडवेंचर गतिविधियों में भी सैलानी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
साहसिक पर्यटन से जुड़े कारोबारियों को भी राहत मिली है। पैराग्लाइडिंग और राफ्टिंग संचालकों के अलावा टैक्सी ऑपरेटरों, होटल कारोबारियों और स्थानीय दुकानदारों के कारोबार में भी तेजी आई है। पर्यटन कारोबारी प्रेम सिंह ठाकुर, दिनेश ठाकुर, किशन ठाकुर और शशिपाल सिंह ने बताया कि छुट्टियों के चलते एडवेंचर गतिविधियों में तेजी आई है और पर्यटकों की बढ़ती संख्या से कारोबार में सुधार हुआ है।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी रोहित शर्मा ने कहा कि वीकेंड और तीन दिन की छुट्टियों के चलते कुल्लू-मनाली में अच्छी पर्यटक रौनक रही। पर्यटकों ने पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग समेत विभिन्न साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के जरिये पर्यटक घाटी की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से महसूस कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में एडवेंचर टूरिज्म को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। संवाद