हाल ही में मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों में ताजा हिमपात होने के कारण मनाली के पर्यटन व्यवसायियों को क्रिसमस और न्यू ईयर के दौरान भारी संख्या में सैलानियों के उमड़ने की उम्मीद है। इससे मनाली के पर्यटन व्यवसाय को पंख लग सकते हैं। होटल एप्पल कंट्री के प्रबंधक विवेक कपूर का कहना है कि हाल ही की बर्फबारी के फोटो सभी होटलियरों द्वारा अपने ब्लॉग में डाल दिए गए हैं। इसके पश्चात क्रिसमस और न्यू ईयर की बुकिंग होना शुरू हो गई है।
इससे उम्मीद जताई जा रही है कि इन दिनों मनाली में भारी संख्या में सैलानी आएंगे और मनाली के पर्यटन व्यवसाय को रफ्तार मिलेगी। हिमांचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के महासचिव मकर ध्वज शर्मा ने बताया कि हाल ही में हुई बर्फबारी के पश्चात मनाली में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है तथा टैक्सी ऑपरेटरों के कारोबार में भी इजाफा हुआ है। कुल्लू-मनाली पर्यटन विकास मंडल के प्रधान एवं मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने बताया कि हाल ही के ताजा हिमपात से मनाली के पर्यटन व्यवसाय को रफ्तार मिली है। उन्होंने बताया कि आने वाले क्रिसमस और न्यू ईयर सीजन के लिए बड़े पैमाने पर बुकिंग हो रही है।