कुल्लू। नए साल के लिए कुल्लू-मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जमावड़ा लग गया है। जिले के होटलों में 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी चलने से कारोबारी गदगद हैं। इसके लिए कुल्लू और लाहौल-स्पीति पुलिस ने भी कमर कस ली है। लेकिन इस बार मनाली में पर्यटन निगम की ओर से न्यू ईयर क्वीन नहीं चुनी जाएगी। इससे पहले हर साल नए साल पर मनाली में रंगारंग कार्यक्रम होता था।
कोरोना के कारण मनाली क्लब हाउस में इस साल सैलानियों के लिए किसी तरह की प्रतियोगिता भी नहीं होगी। क्रिसमस के बाद पर्यटन नगरी मनाली सैलानियों से पैक चल रही है। कोरोना काल के बंद चल रहे करीब 300 होटल व होमस्टे को भी खोला गया है। निजी होटलों में सैलानियों को आकर्षित करने के लिए होटलियरों की ओर से विशेष छूट की घोषणा की है। पर्यटन विकास निगम मनाली 31 दिसंबर की रात को मनाली के क्लब हाउस में न्यू ईयर क्वीन की प्रतियोगिता नहीं करवाने जा रहा है। इसके अलावा कपल डांस, लेमन डांस समेत बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताएं भी कोरोना के कारण रद्द कर दी हैं। इसके अलावा वेलकम ड्रिंक्स और सैलानियों के मनोरंजन के लिए डीजे पाटी का प्रबंध भी नहीं होगा। हिमाचल पर्यटन निगम मनाली के डीजीएम अनिल तनेजा ने बताया कि निगम के होटलों के कमरे पिछले दो दिनों से लेकर तीन जनवरी पूरी तरह से पैक हैं। निगम की ओर से सैलानियों को 40 फीसदी का डिस्काउंट दिया जा रहा है। उधर, मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने कहा कि मनाली में कोरोना काल में नववर्ष पर रिकॉर्ड सैलानी पहुंच रहे हैं। निजी होटल सैलानियों से पैक चल रहे और कारोबारी गदगद हैं। उन्होंने कहा कि नए साल पर किसी तरह का जश्न नहीं होगा और न ही डीजे बजेगा।