देवसदन में बीईईओ को समग्र शिक्षा के तहत किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। देवसदन कुल्लू में समग्र शिक्षा के तहत शिक्षकों के लिए मार्गदर्शक एवं निरीक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों (बीईईओ) ने बच्चों में बौद्धिक विकास कैसे करें, के बारे में प्रशिक्षण लिया। सामुदायिक विकास पर भी प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला 17 मार्च तक आयोजित की जा रही है।
इसमें 12 जिलों के 140 शिक्षा खंडों के खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में प्रतिभागी बीईईओ को प्री-प्राइमरी कार्यक्रम से संबंधित बच्चों को खेल विधि के माध्यम से पढ़ा रहे शिक्षकों को सहयोग देने के लिए प्रेरित किया। मार्गदर्शक एवं निरीक्षण कार्यशाला में बीईईओ को चार मुख्य विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
राज्य प्री-प्राइमरी समन्वयक दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रथम संस्था की राज्य एवं जिले की टीम बीईईओ को विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर रही है। इनमें स्रोत व्यक्ति के तौर पर कुलदीप, जोगिंद्र, लवनीश, जागृति, सुरेंद्र शामिल हैं। कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सभी बीईईओ निरीक्षक के बजाए मार्गदर्शक की भूमिका निभाकर शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में कार्य करेंगे। संवाद