कुल्लू। जिला कुल्लू के महाविद्यालयों में वार्षिक समारोह का दौर शुरू हो गया है। खराहल वैली छात्र संगठन ने शनिवार को लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में सालाना समारोह मनाया।
समारोह में खराहल घाटी के विद्यार्थियों ने मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने लोकगीत, लोकनृत्य और एकल गान की प्रस्तुति से समां बांधा। लोकगायक कुशल वर्मा ने अपनी आवाज के जादू से दर्शक दीर्घा में बैठे विद्यार्थियों को झूमने पर विवश किया।
सालाना समारोह में समाज सेवी सुभाष शर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। लोकगायक कुशल वर्मा ने सालाना समारोह में तो हेरीये दिलड़ू धड़का सा मेरा... गीत से धमाल मचाया। उन्होंने शुन पाखली शोहरीये-तेरा नोचना प्यारा, कादी होला मिलना आसा, जोथ डूबदी लागी हायिओ सरला, अनारकलिये ओ अनारकलिये बामणू गोले रा हार आदि गीतों से विद्यार्थियों को खूब झूमाया।
उधर, मुख्यातिथि सुभाष शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल प्रतिस्पर्धाओंं में भी भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भविष्य के लिए एक लक्ष्य तय करें और उसे पाने का प्रयास जारी रखें। संवाद