उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को वॉलीबाल और खो-खो के मुकाबले करवाए गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वॉलीबाल में तिंगरेट और उदयपुर की टीमों का दबदबा देखने को मिला। वॉलीबाल के पुरुष वर्ग में पहला मुकाबला तिंगरेट और तिंदी के बीच हुआ। इसमें तिंगरेट की टीम ने जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में उदयपुर और केलांग की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें उदयपुर की टीम विजेता रही। छात्रा वर्ग में उदयपुर और शकोली के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें उदयपुर की टीम ने जीत हासिल की। इसके अलावा थिरोट और लोट की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। तिंदी और थिरोट के बीच भी मैच खेला गया। वहीं, मडग्रां और त्रिलोकीनाथ के बीच हुए मुकाबले में मडग्रां की टीम विजेता रही। खो-खो प्रतियोगिता में छात्र वर्ग का पहला मुकाबला शकोली और केलांग के बीच हुआ, जिसमें केलांग की टीम ने जीत दर्ज की। इसके बाद तिंगरेट और लोट के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें लौट की टीम विजेता रही। मड़ग्रां और तिंगरेट के बीच हुए मुकाबले में तिंगरेट ने शानदार जीत हासिल की। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्कूलों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल और उत्साह का प्रदर्शन किया।