कुल्लू के मलाणा में आग लगने से मलबे के ढ़ेर में मकान तबदील ।-संवाद
- फोटो : Kullu
कुल्लू। जिला कुल्लू के ऐतिहासिक गांव मलाणा के साथ लगते अतोदंग में तीन मंजिला स्लेट पोश मकान आग की भेंट चढ़ गया। अग्निकांड की इस घटना में जानमाल का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है, लेकिन मकान पूरा जलकर राख हो गया है। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। उनकी कोशिश आग के आगे नाकाफी साबित हुई। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अग्निकांड में दस लाख का नुकसान हुआ है। वहीं, प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत भी प्रदान की गई है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार रात को तीन मंजिला स्लेट पोश मकान में करीब दो बजे आग लग गई। मकान में जब आग लगी परिवार का कोई भी सदस्य यहां मौजूद नहीं था। देव कारज में शामिल होने के लिए पूरा परिवार मलाणा गया हुआ था। वहीं, मकान में आग लगने पर ग्रामीणों ने काबू पाने के हर संभव प्रयास किए, लेकिन मकान में बने सभी छह कमरे आग की चपेट में आए। गनीमत रही कि अग्निकांड में किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने मकान की निचली मंजिल में बंद 30 भेड़-बकरियों को सुरक्षित बचाया है। गौर रहे कि जिला कुल्लू में इन दिनों आग की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। कभी आग से जंगल दहक रहे हैं तो कभी आग से रिहायशी मकानों को नुकसान हो रहा है। इस संबंध में उपतहसील जरी के नायब तहसीलदार भरत भूषण ने कहा कि पटवार वृत पिणी के तहत आने वाले मलाणा माहौल के अतोदंग निवासी हेती देवी पत्नी स्वर्गीय ब्रेसतू राम का तीन मंजिला स्लेट पोश मकान जलकर राख हुआ है, जिसमें दस लाख का नुकसान हुआ है। कहा कि अग्निकांड प्रभावित परिवार को 10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।