मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के प्रसिद्ध हिडिंबा मंदिर में शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की रौनक बढ़ेगी। माता हिडिंबा के दर्शन के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। नवरात्र के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। परंपरा के अनुसार, मंदिर में तीन दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसकी पूर्णाहुति अष्टमी के दिन होगी।
इसके बाद नवमी को माता हिडिंबा दशहरा उत्सव की परंपरा का निर्वहन करने के लिए कुल्लू रवाना होंगी। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। माता हिडिंबा के पुजारी एवं कारदार रमण शर्मा ने बताया कि मंदिर के कपाट भोर होते ही श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। नवरात्र के दौरान सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिवत संपन्न करवाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय महायज्ञ होगा और अष्टमी को इसकी पूर्णाहुति डाली जाएगी। नवमी को माता हिडिंबा दशहरा उत्सव की परंपरा निभाने के लिए कुल्लू प्रस्थान करेंगी। संवाद