अब बाढ़, भारी बारिश से भी अवरुद्ध नहीं होगी सड़क, लोगों को मिलेगी राहत
उदयपुर-टिंगरेट सड़क पर भींगी, तमलु और शाकोली नाला पर बनेंगी कलवर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल की सबसे दुर्गम मयाड़ घाटी की सड़क अब बारिश और भूस्खलन के दौरान भी लंबे समय तक अवरुद्ध नहीं होगी। लोक निर्माण विभाग के चिनाब मंडल उदयपुर ने उदयपुर-टिंगरेट सड़क पर तीन बड़ी कलवर्ट बनाने की योजना बनाई है। इसके निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पिछली बरसात में बाढ़, बारिश और भूस्खलन के चलते यह सड़क कई बार बाधित हुई थी। इस कारण किसानों को अपने उत्पाद समय पर मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। भविष्य में बाढ़ और तेज बारिश की स्थिति में सड़क बंद न पड़े और स्थानीय लोगों के साथ किसानों को परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने अब कलवर्ट का काम शुरू कर दिया है। विभाग अब उदयपुर-टिंगरेट सड़क पर भींगी, तमलु और शाकोली नाला पर कलवर्ट का निर्माण करेगा। लोक निर्माण विभाग के चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने बताया कि तीनों कलवर्ट को करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए टेंडर जारी कर कार्य भी शुरू कर दिया है। कलवर्ट तैयार होने के बाद उदयपुर से टिंगरेट और खंजर तक का सफर सुगम हो जाएगा। इससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी।