बर्फबारी के बाद एचआरटीसी ने शुरू की सेवा, यात्रियों ने ली राहत की सांस
सड़क पर बर्फ जमने से मनाली और केलांग के बीच जोखिम भरा है सफर
मौसम साफ रहने तक चलेगी बस, टैक्सियों में महंगे किराये से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद बुधवार को केलांग से मनाली के लिए परिवहन निगम ने बस सेवा एक बार फिर शुरू कर दी है। केलांग से मनाली बुधवार को सवारियां लेकर तीन बसें पहुंचीं।
हालांकि, सड़क पर जम रहे ब्लैक आइस के चलते मनाली और केलांग के बीच सफर जोखिम भरा है, लेकिन दोपहर बाद केलांग से आई यह तीन बसें बिना किसी बाधा के मनाली पहुंचीं। जो बसें मनाली पहुंचीं, उनमें केलांग-कुल्लू, केलांग-धर्मशाला और केलांग-शिमला रूट पर चलने वाली बसें शामिल हैं। ऐसे में अब परिवहन निगम बसों का संचालन मौसम साफ रहने तक करेगा। बसें चलने से मनाली और केलांग के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। बर्फबारी के बाद बस सेवा बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकतर यात्री टैक्सियों में सफर करने पर मजबूर थे।
बर्फबारी के बाद मनाली और केलांग के बीच फोर बाई फोर वाहन ही दौड़ रहे हैं। अन्य वाहनों की आवाजाही बंद थी। बहरहाल, बस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। एचआरटीसी केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी रतन वर्मा ने कहा कि वीरवार को पहली बस कुल्लू से केलांग के लिए 10:52 मिनट पर जाएगी। तीन बसें केलांग से मनाली के लिए बुधवार को आई हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति को देखकर निगम की ओर से बसों का संचालन किया जा रहा है।