कुल्लू के भ्रैण गांव में बिजली महादेव के मदिंर प्रतिष्ठा में पहुंचे बिजली महादेव, माता पार्वती
कशावरी फाटी पंचायत के भ्रैंण गांव में देव विधि के साथ पूरी हुई प्रतिष्ठा
देव परंपराओं का किया निर्वहन, वाद्ययंत्रों की स्वरलहरियों से गूंज उठा गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पार्वती घाटी की कशावरी फाटी पंचायत के भ्रैंण गांव में बुधवार को हजारों श्रद्धालुओं को हुजूम उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने शिव परिवार के दर्शन कर शीश नवाया।
भ्रैंण गांव में घाटी के अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव के नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा देव विधि के साथ पूरी हुई। प्रतिष्ठा में माता पार्वती चौंग, घुड़दौड़ से देवता गणेश और छमाहण से देवता छमाहणी नारायण भी लाव-लश्कर के साथ शामिल हुए। बीते मंगलवार शाम को देवी-देवता भ्रैंण गांव में पहुंचे तो सबसे पहले देव गणेश ने बिजली महादेव से देवमिलन किया। इसके बाद माता पार्वती और फिर छमाहणी नारायण का देवता बिजली महादेव से भव्य देवमिलन हुआ। बुधवार सुबह करीब 4:00 बजे मंदिर प्रतिष्ठा की तैयारी शुरू हो गई। सुबह करीब 6:00 बजे मंदिर के मुकुट (कोर) लगाया गया। इसके बाद मंदिर के चारों ओर देवताओं ने सूत्र बांधा। प्रतिष्ठा में अन्य देव परंपराओं का भी निर्वहन किया गया। प्रतिष्ठा के चलते वाद्ययंत्रों की स्वरलहरियों से पूरा गांव गूंज उठा। भ्रैंण गांव में सुबह से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला देर शाम तक लगा रहा। प्रतिष्ठा में देव भोज का आयोजन किया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
देवता बिजली महादेव के भ्रैंण गांव में नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा के लिए भगवान रघुनाथ के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह, जिला देवी-देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर सहित देवसमाज के जुड़े व्यक्ति पहुंचे।
जिला देवी-देवता कारदार संघ के अध्यक्ष दोतराम ठाकुर ने कहा कि बिजली महादेव घाटी के अधिष्ठाता हैं। देवता का नया मंदिर बेहद भव्य बना है। देवता बिजली महादेव के इस नवनिर्मित मंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर हारियानों में खुशी की लहर है।