कुल्लू में पत्रकार वार्ता करते एबीवीपी के पदाधिकारी। -संवाद
कुल्लू। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कुल्लू ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर लगातार गिरता जा रहा है। खासकर शिक्षण संस्थानों में आधारभूत ढांचा पूरी तरह से चरमरा गया है। वर्तमान प्रदेश सरकार के सत्तासीन होने के बाद कई शिक्षण संस्थानों को बंद कर दिया गया है। आलम यह है कि कई जगह कॉलेजों के विद्यार्थियों को भवन न होने के कारण स्कूलों में कक्षाएं लगानी पड़ रही है।
कुल्लू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कुल्लू के जिला संयोजक सारांश, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सिमरन और रितिक ने पत्रकार वार्ता करते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि एबीवीपी शिक्षा और प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को घेरने के लिए फरवरी में धरने और प्रदर्शन करेगा।
सरकार को घेरने के लिए प्रदेश स्तर पर भी एबीवीपी बैठक कर रणनीति तैयार कर चुकी है। लिहाजा जिला कुल्लू में भी सरकार को घेरने के लिए हस्ताक्षर अभियान के साथ-साथ जिला स्तर पर धरने और प्रदर्शन करेगी। प्रधानाचार्यों के माध्यम से प्रधानाचार्य के माध्यम से ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके माध्यम से सरकार को जिम्मेदारी का एहसास दिलाया जाएगा।