स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के सीमांत क्षेत्र बजौरा और जरड़ में 27 घंटे बिजली गुल रही। विद्युत बोर्ड के सब-स्टेशन शाढ़ाबाई के तहत आने वाले क्षेत्रों में गत मंगलवार को सुबह 10:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
इस कारण सब स्टेशन के तहत आने वाले क्षेत्रों की हजारों की आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोग बारिश के बीच बिना बिजली ठिठुरने पर विवश रहे। स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक सब-स्टेशन शाढ़ाबाई में तकनीकी खराबी आ गई। ऐसे में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। हालांकि, बिजली न होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। किसान-बागवान भी करीब 27 घंटे तक बिजली से चलने वाले कृषि-बागवानी के उपकरणों का उपयोग नहीं कर पाए। बिजली न होने से आम जनता, विद्यार्थियों, मरीजों और किसान-बागवानों की बारिश के बीच परेशानी हुई। हालांकि, विद्युत बोर्ड ने बुधवार दोपहर करीब 01:30 बजे बिजली आपूर्ति को बहाल किया, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता राम सिंह ने कहा कि सब-स्टेशन शाढ़ाबाई में तकनीकी खराबी आई थी, जिसे जिला मंडी से उपकरण मंगवाने के बाद दुरुस्त कर दिया गया है।