क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बिजली गुल होने से छाया अंधेरा। -संवाद
मरीजों के साथ तीमारदारों और स्टाफ को झेलनी पड़ी परेशानी
मरीजों को उपचार के अलावा टेस्ट करवाने में आईं दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में बिजली करीब साढ़े चार घंटे तक गुल रही। बिजली न होने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गत बुधवार की शाम को अस्पताल में अचानक बिजली कट गई, जिसे बहाल करने में समय लग गया।
इससे मरीजों के टेस्ट नहीं हो पाए। वार्ड में भर्ती मरीजों के उपचार में भी अस्पताल स्टाफ और तीमारदारों को समस्याओं से दो-चार होना पड़ा।
साढ़े चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बहाल न होने के कारण मरीजों का उपचार मोबाइल के टॉर्च की रोशनी में करना पड़ा। गत बुधवार को शाम के समय बिजली का कट लगा। इस कारण अस्पताल के नए और पुराने भवन के साथ मातृ-शिशु खंड के भवन में भी बिजली गुल रही। टेस्ट करवाने के लिए पर्ची की फोटोस्टेट काॅपी करवाने के लिए तीमारदारों को ढालपुर की दौड़ लगानी पड़ी तो ट्रॉमा सेंटर आपातकालीन ओपीडी और वार्डों में मरीजों का उपचार करने में चिकित्सकों और स्टाफ को परेशानी झेलनी पड़ी। तीमारदार रोशन, मोहर सिंह, तापे राम, सोनिका, अनिता, शिवानी ने कहा कि बिना बिजली के अस्पताल में अंधेरा पसर गया। अंधेरे के बीच मरीज का उपचार करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनआर पवार ने कहा कि कुल्लू अस्पताल की बिजली की लाइन ने आग पकड़ ली थी। इस वजह से बिजली गुल रही। कहा कि लाइन को दुरुस्त कर लिया गया है।