पर्यटन नगरी मनाली के प्रवेशद्वार पतलीकूहल में चोर गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बाड़ी गांव में चोरों ने घर के ताले तोड़ चार लाख रूपये नकद और आभूषण उड़ा लिए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस सिलसिले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक शकुंतला देवी ने चोरी को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। उसने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह कहीं गई हुई थी। इस बीच चोर रात के अंधेरे में उसके घर के ताले तोड़ चार लाख रूपये नकद उड़ा ले गए। इतना ही नहीं चोर अलमारी के लॉक तोड़ करीब साढ़े तीन लाख रुपये के स्वर्ण आभूषणों पर भी हाथ साफ कर गए हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस दल ने घटनास्थल का दौरा कर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की है। पुलिस के हाथ कुछ सुराग लगने के बाद मंडी के बंगला कॉलोनी में छापेमारी कर पुलिस ने इस मामले में तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। लेकिन चोरीशुदा कैश और आभूषण अभी तक बरामद नहीं हो सके हैं। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। डीएसपी कुल्लू संजय शर्मा ने बताया कि जल्द सारा मामला ट्रेस कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है।