मनाली-लेह मार्ग में स्थित शिकुंला दर्रा में बर्फ के दीदार को पहुंचे पर्यटक।-संवाद
कुल्लू। जिले में दो दिन हुई भारी बारिश के बाद शनिवार को मौसम साफ रहा। मौसम खुलने से किसानों-बागवानों और आम लोगों को राहत मिली है। लोक निर्माण विभाग भी बंद पड़ी जिले की 51 सड़कों को बहाल करने में जुट गया है।
हालांकि कुल्लू से लेकर लाहौल तक आसमान में बादल छाए रहे, मगर बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। जिले में बिजली के साथ पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल है लेकिन भूस्खलन से जिले में 51 सड़कों पर आवाजाही ठप है। बसों और वाहनों के न चलने से लोगों को पैदल ही गंतव्य की ओर जाना पड़ रहा है।
शनिवार को कुल्लू से अपने घर के लिए निकले लोगों को सड़क बंद होने से जलोड़ी दर्रा से पांच से छह किमी तक पैदल चलना पड़ा। मौसम भले ही खुल गया हो, लेकिन दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। उधर लोक निर्माण विभाग जिले की मुख्य सड़कों को बहाल करने में जुट गया है। मशीनरी के साथ अपने कामगारों को सड़क पर उतार दिया है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि बरसात से निपटने के लिए पर्याप्त मशीनरी रखी गई है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मशीनरी को हायर किया जाएगा। दो से तीन दिन में बंद सड़कों को बहाल कर दिया जाएगा। संवाद