विकास की बात ..
योजना के लिए वन विभाग से मिली एफसीए की क्लीयरेंस
सीवरेज योजना के निर्माण पर खर्च होगी पांच करोड़ से अधिक की राशि
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। मुख्यालय स्थित बंजार कस्बे को सीवरेज की सुविधा प्रदान करने का अब रास्ता साफ हो गया है। सीवरेज योजना के लिए वन विभाग से प्रथम चरण की एफसीए कलीयरेंस मिल गई है। अब जल्द ही अन्य औपचारिकताएं पूरा होने की उम्मीद है। सीवरेज योजना पर पांच करोड़ से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
बंजार कस्बे को सीवरेज सुविधा से जोड़ने के लिए जल शक्ति विभाग की ओर से फाइल वन विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी गई थी। 0.91 हेक्टेयर वन भूमि जल शक्ति विभाग के नाम की जानी है। इसके बाद ही आगामी कार्य शुरू हो पाएगा। बंजार में आधुनिक स्तर का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाना है। इसके साथ ही डीसिल्टिंग टैंक भी बनाया जाएगा। सीवरेज योजना बनने से बंजार कस्बे की 10,000 की आबादी लाभान्वित होगी।
नगर पंचायत बंजार में अब तक कोई सीवरेज योजना नहीं है। इससे लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। नगर पंचायत बंजार में सात वार्ड हैं। बहरहाल अब लोगों को सीवरेज योजना का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
इस संबंध में एपीएमसी कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति के अध्यक्ष राम सिंह मियां ने कहा कि बंजार कस्बे की सीवरेज योजना के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। सीवरेज योजना के बनने से बंजार की जनता को सुविधा मिलेगी।