आगामी आदेश तक गतिविधियां करवाने पर लगाई रोक
कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप, देर रात एसपी भी पहुंचे थे मौके पर
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ब्यास में अंधेरे में राफ्टिंग करवाने वाले ऑपरेटर और गाइड पर पर्यटन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। पर्यटन विभाग ने नियमों को ताक पर रखकर राफ्टिंग करवा रहे राफ्ट ऑपरेटर और गाइड की गतिविधियों को निलंबित कर दिया है।
अगले आदेश तक ऑपरेटर और गाइड ब्यास नदी में राफ्टिंग नहीं करवा सकेंगे। विभाग की इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है। गौर रहे कि बीते सोमवार को रात के अंधेरे में ब्यास नदी में राफ्टिंग करवाई जा रही थी। इस बीच एक राफ्ट भुंतर के समीप बीच नदी में फंस गई। पर्यटकों के ब्यास नदी में फंसने से उनके साथ हादसा हो सकता था। सूचना के बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया।
पर्यटकों की जान को खतरा देख पुलिस अधीक्षक कुल्लू भी देर रात मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर साहसिक गतिविधियां करवाने वालों को निर्देश दिए थे। न्यू ईयर को देखते हुए कुल्लू-मनाली में इन दिनों काफी अधिक संख्या में पर्यटक आ रहे हैं। कई जगहों पर नियमों को ताक पर रखकर साहसिक गतिविधियां करवाई जा रही हैं।
उपायुक्त तोरूल एस रवीश का कहना है कि पर्यटकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले ऑपरेटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला पर्यटन विकास अधिकारी डॉ. रोहित शर्मा ने कहा कि राफ्ट ऑपरेटर और गाइड फिलहाल राफ्टिंग नहीं करवा सकेंगे।