कुल्लू में जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभांरभ मौके पर खिलाडि़यों से परिचय करते हुए।-सं
ढालपुर में खेले जाएंगे क्रिकेट के रोचक मुकाबले
बंदल ने राइजिंग वॉल्स शमशी को 27 रन से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। ढालपुर स्थित खेल मैदान में क्रिकेट के रोचक मुकाबले खेले जाएंगे। शहर के बीचोंबीच स्थित मैदान में हर दिन क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को आगाज हुआ।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 75 से अधिक टीमें खेलेंगी। हर दिन 20-20 ओवर के दो मैच करवाए जाएंगे।
पहले दिन रविवार को पहला मैच बंदल और राइजिंग वॉल्स शमशी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बंदल ने निर्धारित 20 ओवर में 143 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने मैदान में उतरी राइजिंग वॉल्स शमशी 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर महज 116 रन ही बना पाई। बंदल ने राइजिंग वॉल्स शमशी को 27 रन से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। उधर, एसोसिएशन के अध्यक्ष दानवेंद्र सिंह ने कहा कि इस साल जिले के विभिन्न क्षेत्रों की 75 टीमों ने आवेदन किया है। बारिश के खलल के कारण प्रतियोगिता देरी से शुरू हुई है। प्रतियोगिता गत 26 जनवरी से करवाने की योजना थी लेकिन बारिश के कारण इसके आयोजन की तिथियों में फेरबदल करना पड़ा। प्रतियोगिता तीन से चार माह तक जारी रहने का अनुमान है। बारिश और आयोजनों के चलते अधिक समय भी लग सकता है।