कुल्लू। देवता संगम महादेव बाबा भूतनाथ मंदिर में कलश यात्रा के साथ शिव महापुराण कथा एवं शिव शक्ति महायज्ञ पूजा-अनुष्ठान का शुभारंभ हो गया है। शुक्रवार को मंदिर परिसर में शिव पुराण कथा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा वाचक शिवा शंकर दास ने शिव पुराण की कथा सुनाते हुए श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा का स्मरण करवाया। कथा के दौरान देवी-देवताओं का पूजन, संगम महादेव पूजन, रुद्राभिषेक समेत संतों और ब्राह्मणों का पूजन भी किया जा रहा है।
भूतनाथ मंदिर के कारदार तनुज कौंडल ने बताया कि कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह 9 से 11 बजे तक रुद्राभिषेक एवं नित्य पूजन होगा। दोपहर दो से शाम छह बजे तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कन्या पूजन और आरती के बाद प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई है। 29 मई को महायज्ञ की पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन किया जाएगा।