बंजार के तहत टील बछूट गांव में सेंकने के लिए घर के बाहर जलाकर रखी थी आग
घर में रखी घास ने किया घी का काम, प्रभावित परिवार को दो लाख रुपये का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तहत टील बछूट गांव में एक घर के बाहर आग जलाना महंगा पड़ गया। घर के बाहर सेंकने के लिए आग जलाकर रखी थी।
इसी समय हवा का झोंके से उड़ी चिंगारी से घर में रखी घास ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते स्लेटपोश मकान ने आग पकड़ ली। घटना में डेढ़ मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार यह घटना वीरवार दोपहर करीब 11: 45 बजे हुई। कपूर चंद निवासी गढ़, डाकघर टील बछूट, तहसील बंजार, जिला कुल्लू के घर में यह घटना हुई। मकान से धुआं उठता देख गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मकान में रखी घास के कारण आग नियंत्रण से बाहर हो गई। इस कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। देखते ही देखते स्लेटपोश मकान जलकर राख हो गया।
उधर, विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार घटना में उपरोक्त व्यक्ति की करीब दो लाख की संपत्ति को नुकसान हुआ है। ग्राम पंचायत टील के वार्ड पंच जगदीश ने कहा कि डेढ़ मंजिला मकान रिहायशी था। आग की घटना से परिवार को नुकसान हुआ है। हालांकि, आग की इस घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से घटनास्थल का मुआयना करने के बाद राहत प्रकरण तैयार किया जाएगा।
खराहल में पहाड़ी में भी लगी आग
जिला मुख्यालय के साथ लगती पहाड़ी में वीरवार को आग की चिंगारी भड़क उठी। न्योली के साथ लगती पहाड़ी में वीरवार दोपहर को आग की चिंगारी उठी और जंगल में आग भड़की। जंगल में भड़की आग से वन संपदा को नुकसान हुआ है। गौर रहे कि इन दिनों जिले के जंगलों में आग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। आग की घटनाओं पर तमाम कोशिशों के बावजूद अंकुश नहीं लग रहा है।