भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर के सौंदर्यीकरण की कवायद शुरू हो गई है। नगर पंचायत भुंतर ने शहर के रास्तों से इसकी शुरूआत की है। नगर पंचायत ने शहर के रास्तों को संवारने के लिए दस लाख के बजट का प्रावधान किया है। पंचायत के वार्ड नंबर एक, दो और चार में शुक्रवार को पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य आरंभ किया गया है, जिसका शुभारंभ पंचायत अध्यक्ष मीना ठाकुर ने किया।
मीना ठाकुर ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भुंतर शहर का विशेष महत्व है। कुल्लू-मनाली हवाई अड्डा और जिले में प्रवेश करने के लिए पर्यटकों को यहीं से गुजरना पड़ता है। ऐसे में शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर में बरसात से पहले सड़कों, पैदल रास्तों, निकास नालियों और सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने की नगर पंचायत की प्राथमिकता रहेगी। इसके तहत पंचायत के वार्ड नंबर एक, दो और चार में रास्तों पर पेवर ब्लॉक बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए दस लाख के बजट का प्रावधान किया गया है। भुंतर की जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने निर्माण कार्य को गति प्रदान करने के लिए शहरवारियों से सहयोग की अपील की है। इस दौरान उपाध्यक्ष अजय किशोर, वार्ड पार्षद कर्ण सिंह, पवन कुमार, दिनेश शर्मा, रविंद्रा डोगरा, उर्मिला, कनिष्ठ अभियंता अरुण शर्मा आदि उपस्थित रहे।