आने-जाने में तीन पंचायत के लोगों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। विहाड़ी छोर से त्रिलोकनाथ की ओर जाने वाली संपर्क सड़क तीन दिन से छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है।
बताया जा रहा है बारिश और बर्फबारी की बीच विहाड़ी पुल से कुछ दूरी पर किशोरी के समीप भूस्खलन हुआ है। इस कारण सड़क पर पत्थर और चट्टानें आ गिरी है। इससे विहाड़ी पुल से होकर त्रिलोकनाथ की ओर जाने वाली यह सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। इस सड़क के अवरुद्ध होने पर ऐसे में छोटे वाहन उदयपुर से वाया लोवर होकर आवाजाही कर रहे हैं। छोटे वाहनों की आवाजाही कुकुमसेरी से पिमल संपर्क सड़क होते हुए भी चल रही है। इन मार्ग से त्रिलोकनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को ही नहीं, बल्कि किशोरी, त्रिलोकनाथ और शकोली आदि पंचायतों के लोगों को भी अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। आमतौर पर विहाड़ी छोर से त्रिलोकनाथ तक जाने के लिए महज पांच से छह किलोमीटर तक का सफर पड़ता है लेकिन मार्ग बंद होने से लोगों को अब लंबा सफर तय करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है त्रिलोकनाथ भगवान त्रिलोकीनाथ मंदिर के कारण आस्था का केंद्र है। ऐसे में सड़क को लंबे समय तक बंद रखना विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। क्षेत्रवासी राजीव कुमार, विजय और राजेन्द्र ने बताया कि तीन पंचायत के हजारों आबादी को इस सड़क के बंद होने से परेशानी हो रही है। लोक निर्माण विभाग चिनाब मंडल उदयपुर के अधिशासी अभियंता पवन राणा ने बताया कि सड़क को जल्द यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।