पीएमजीएसवाई चरण-4 के तहत मिली है स्वीकृति
कच्ची सड़क बेहतर होने से ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पीज फाटी के तहत आने वाली पीज से बुआई सड़क नौ करोड़ रुपये की राशि से चकाचक होगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 के तहत इस सड़क को मंजूरी मिली है।
सात किलोमीटर सड़क बेहतर होने से ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग कुल्लू की ओर से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौर रहे कि पीज से बुआई तक संपर्क सड़क लोक निर्माण विभाग की ओर से खोली गई है। सड़क अभी कच्ची है। कच्ची सड़क और इसकी खस्ता हालत के कारण अकसर लोगों को दिक्कतें पेश आती हैं। ग्रामीणों की ओर से कई बार सड़क की दशा सुधारने के लिए विभाग से आग्रह किया गया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग कुल्लू की ओर से सात किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजी थी। अब सड़क के लिए धनराशि मंजूर हुई है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-4 में इस सड़क को भी स्वीकृति मिलने के बाद ग्रामीणों को कार्य शुरू होने का इंतजार है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विवेक गौतम ने कहा कि कुल्लू डिविजन के तहत आने वाली पीज-बुआई संपर्क सड़क को चकाचक किया जाएगा। इस सड़क में नौ करोड़ रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि सारी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जल्द इसका कार्य किया जाएगा।