कुल्लू के बिजली महादेव सड़क पर शिवरात्रि के मौके पर पहुंचे ज्यादा वाहनाें से लगा लंबा जाम।-संव
पेच्छा से धार्ठ तक जगह-जगह जाम लगने के कारण घंटों तक फंसे रहे लोग
चंसारी से आगे नहीं गईं बसें, महाशिवरात्रि पर दिन भर रही जाम की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बिजली महादेव सड़क रविवार को महाशिवरात्रि के लिए सैकड़ों वाहनों और श्रद्धालुओं से भर गई। पेच्छा से धार्ठ तक जगह-जगह जाम लग गया। बसें चंसारी से आगे नहीं जा सकीं।
लोगों को पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। जाम लगने के कारण यात्री घंटों तक फंसे रहे। दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।
गाड़ियों की आवाजाही अधिक होने के चलते बिजली महादेव रूट पर बसों की सेवाएं भी चंसारी से आगे बंद रहीं। चंसारी से आगे दिन के समय निजी और सरकारी बसें नहीं गईं। लोगों को चंसारी से आगे पैदल ही सफर करना पड़ा।
बिजली महादेव मंदिर में रविवार को दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सैकड़ों की संख्या में वाहन बिजली महादेव सड़क में पहुंचे। चंसारी से धार्ठ करीब पांच किलोमीटर के दायरे में सड़क तंग होने से जाम लगा। सबसे अधिक जाम हलैणी से लेकर धार्ठ तक लगा। दोनों ओर गाड़ियां लगी रहीं। पास देने के लिए जगह न होने से घंटों जाम का सामना यात्रियों को करना पड़ा। जाम की स्थिति दिनभर बनी रही। हालांकि शाम 4 बजे के बाद जाम से थोड़ी राहत मिली।
बिजली महादेव रूट पर चलने वाली बसें भी 20 के बजाय 15 किलोमीटर तक ही चलीं। बिजली महादेव में दर्शनों के लिए गए अमित और प्रेम ने कहा कि बिजली महादेव सड़क में वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण बसों को चंसारी से आगे नहीं भेजा गया। ऐसे में लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यात्री बिजली महादेव सड़क में लगे जाम के कारण परेशान रहे। हालांकि आम दिनों में इस तरह का जाम सड़क में देखने को नहीं मिलता है। महाशिवरात्रि पर सैकड़ों की संख्या में वाहन बिजली महादेव सड़क में आने से इस स्थिति से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दो-चार होना पड़ा। उधर, एसपी मदन लाल कौशल ने कहा कि पुलिस ऐसी स्थिति से बचने के लिए लोगों से आग्रह करती है कि वाहनों को बेतरतीब पार्क न करें जिससे जाम का सामना न करना पड़े।