रोजाना अटल टनल और सिस्सू पहुंच रहे सैलानी, हिमखंड गिरने से हो सकता है खतरा
कोकसर पंचायत के पूर्व प्रधान की अपील, खतरे को देखते हुए घाटी में न भेजे जाएं पर्यटक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिस्सू/केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय क्षेत्र लाहौल की पीर पंजाल की ऊंची पहाड़ियों से हिमखंड गिरने का खतरा बना हुआ है। पहाड़ के बीच पड़ीं दरारों का खिसकना बदस्तूर जारी है।
ऐसे में दरारों के टूटने से निचले इलाकों में खतरा बना है। घाटी में पर्यटकों की संख्या में रोजाना वृद्धि देखी जा रही है। हजारों पर्यटक अटल टनल और सिस्सू की सुंदरता को निहारने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन हिमखंड के खतरों से अनभिज्ञ पर्यटक नदी-नालों और खतरे वाले स्थानों की ओर चले जाते हैं। दो दिन पहले भी ऐसा ही मंजर देखने को मिला। टनल के नॉर्थ पोर्टल के साथ हिमखंड गिरा था।
कोकसर पंचायत के पूर्व प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि पुलिस स्थानीय लोगों को वामतट की ओर जाने से रोक रही है, लेकिन पर्यटक बिना हिचकिचाहट उन जगह की ओर जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से आग्रह किया कि पर्यटकों को रोकें, जिससे कोई अप्रिय घटना न घटे। उधर, डीएसपी केलांग राज कुमार ने बताया कि पर्यटक यदि ऐसे संवेदनशील इलाकों की ओर जा रहे हैं तो उन्हें तुरंत रोका जाएगा।