कुल्लू। जिला कुल्लू में आपदा के दौरान होने वाले नुकसान के आंकड़ों को अब हिमाचल प्रदेश डिजास्टर मैनेजमेंट इनफार्मेशन सिस्टम (एचपीडीएमआईएस) पोर्टल के माध्यम से दर्ज किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू अश्वनी कुमार द्वारा दी। उन्होंने बताया कि एचपीडीएमआईएस राज्य सरकार द्वारा विकसित पोर्टल है जिसमें नुकसान का विवरण जमीनी स्तर से दर्ज किया जा सकता है और विभागीय स्तर पर इसकी स्वीकृति भी की जा सकती है। इस पोर्टल के माध्यम से वास्तविक समय में नुकसान का विश्लेषण और त्वरित फंड आवंटन संभव हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंगलवार को जिला मुख्यालय के बहुद्देश्यीय भवन के सभागार में एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को इस पोर्टल के संचालन को लेकर प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षित अधिकारी अब मुख्य प्रशिक्षक के रूप में कार्य करेंगे और अपने विभाग के फील्ड कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण देंगे। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे पोर्टल पर अपने नुकसान की प्रविष्टियां तत्काल शुरू करें ताकि आपदा से जुड़ी राहत व पुनर्वास की प्रक्रिया को तेजी से क्रियान्वित किया जा सके।